
खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने कैबिनेट मंत्रियों से की मुलाकात, क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर लगातार तीसरे दिन भी हुई चर्चा
भोपाल प्रवास के दौरान खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से सौजन्य भेंट कर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
विधायक कंचन तनवे ने प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल से मुलाकात कर खंडवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कावेश्वर में 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की मांग रखी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त सामुदायिक भवनों तथा पंचायत भवन विहीन ग्राम पंचायतों के लिए नवीन पंचायत भवन स्वीकृत करने का आग्रह भी किया।
इसके पश्चात विधायक ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग से भेंट कर विधानसभा क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर खेल मैदान विकसित करने की मांग प्रमुखता से रखी। मंत्री सारंग ने इस विषय पर सकारात्मक आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान सहकारिता विभाग से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। विधायक तनवे ने आगामी रबी सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक कंचन तनवे ने दोनों मंत्रियों को श्री दादाजी धूनीवाले महाराज की पावन नगरी खंडवा आने का आमंत्रण भी दिया। मंत्रियों ने क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर खंडवा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, ग्रामीण अधोसंरचना, खेल सुविधाओं के विस्तार तथा किसानों के हितों से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।











