
खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने विधानसभा सत्र के दौरान गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर खंडवा में आयोजित होने वाले विशाल मेले एवं वर्षों से संचालित हो रहे भंडारों में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की समस्या को गंभीरता से उठाया।

उन्होंने मध्यप्रदेश शासन के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को पत्र सौंपकर मांग की कि मेले के दौरान भंडारा आयोजकों को पर्याप्त संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएँ, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की सेवा में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
विधायक तनवे ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि खंडवा में गुरु पूर्णिमा का मेला आस्था और सेवा का महापर्व है। पिछले कई दशकों से सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएँ निःस्वार्थ भाव से श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारों का आयोजन करती आ रही हैं। ऐसे में घरेलू गैस सिलेंडरों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि व्यावसायिक गैस सिलेंडर अत्यधिक महंगे होने के कारण सेवा कार्य प्रभावित होता है।
खाद्य मंत्री ने विधायक कंचन मुकेश तनवे को आश्वस्त करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा मेले के दौरान गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देने का भरोसा भी दिलाया।
विधायक कंचन मुकेश तनवे ने मंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता सदैव क्षेत्र की जनता, धार्मिक आयोजनों और जनसेवा से जुड़े कार्यों को सुचारु रूप से संचालित कराना रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शासन के सहयोग से इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और भंडारा समितियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।












