
एट्रोसिटी एक्ट के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आप का उग्र प्रदर्शन
भुवनेश्वर यादव:- महासमुंद (त्रिलोक न्यूज)
भाजपा नेता को बचाने का आरोप, नौतपा की भीषण गर्मी में आदिवासी परिवार के समर्थन में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
7 जून तक गिरफ्तारी नहीं होने पर रायपुर में मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी
पिथौरा। आदिवासी परिवार के साथ कथित जातिसूचक गाली-गलौज, धमकी और जमीन विवाद के मामले में एट्रोसिटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होने के बावजूद 19 दिनों तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सोमवार को नौतपा की भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री तापमान के बीच आम आदमी पार्टी ने पीड़ित आदिवासी परिवार के समर्थन में पिथौरा नगर में विशाल रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर के प्रमुख मार्गों से मार्च निकालते हुए जमकर नारेबाजी की और पिथौरा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण प्रदर्शन में शामिल हुए। रैली के दौरान “आदिवासियों पर अत्याचार बंद करो”, “एससी-एसटी एक्ट के आरोपियों को गिरफ्तार करो”, “भाजपा नेता को संरक्षण देना बंद करो” और “पीड़ित परिवार को न्याय दो” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस प्रशासन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने से बच रहा है।
खेत में धान कटाई के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मामला ग्राम डोंगरीपाली स्थित भूमि खसरा नंबर 425/1 से जुड़ा हुआ है। पीड़ित मनबोध कोड़ाकू ने बताया कि खरीफ सीजन के दौरान वह अपने परिवार के साथ खेत में लगी धान की फसल की कटाई कर रहा था। इसी दौरान आरोपी दुलीकेशन साहू और किरण साहू वहां पहुंचे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने खेत को अपना बताते हुए धान कटाई रोकने का प्रयास किया।
मनबोध कोड़ाकू के अनुसार जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जातिसूचक गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। करीब छह महीने बाद 6 मई 2026 को पिथौरा थाना में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(v) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
हालांकि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।
भाजपा नेता होने के कारण नहीं हो रही कार्रवाई — भूपेंद्र चंद्राकर
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र चंद्राकर ने पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी दुलीकेशन साहू भाजपा से जुड़ा हुआ नेता है और इसी कारण पुलिस प्रशासन उसके खिलाफ कार्रवाई करने से बच रहा है।
भूपेंद्र चंद्राकर ने कहा कि एक गरीब आदिवासी परिवार के साथ खुलेआम अन्याय हुआ है। खेत में जाकर जातिसूचक अपमान किया गया, धमकाया गया और फसल पर कब्जा करने की कोशिश की गई, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी सामान्य व्यक्ति पर इस प्रकार का आरोप होता तो पुलिस अब तक गिरफ्तारी कर चुकी होती।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के कुछ अधिकारी राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं और आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आदिवासियों की सुरक्षा और सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर आदिवासी परिवार न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
समझौते का दबाव बनाया जा रहा — मनबोध
पीड़ित मनबोध कोड़ाकू ने कहा कि मामला दर्ज होने के बाद भी आरोपी लगातार गांव में घूम रहे हैं और परिवार पर समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग लोगों के माध्यम से उन्हें डराया और धमकाया जा रहा है।
मनबोध कोड़ाकू ने कहा कि उनका पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर परिवार को सुरक्षा दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
आप ने दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 6 जून तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 7 जून को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज के सम्मान और न्याय से जुड़ा मुद्दा है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करता है तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं को रायपुर बुलाया जाएगा और सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने कहा — जांच जारी है
मामले में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पिथौरा अजित ओगरे ने कहा कि धान कटाई के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। जातिसूचक गाली-गलौज की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र चंद्राकर, यूथ विंग प्रदेश अध्यक्ष इमरान खान, राज्य सचिव संतोष चंद्राकर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण यादव, प्रदेश सचिव रुद्र सेन सिन्हा, लोकसभा अध्यक्ष महेश यादव, संगठन मंत्री सकील खान, बसना पार्षद अमरीन इरफान इल्लू, पूर्व प्रदेश सचिव संजय यादव, गरियाबंद जिला अध्यक्ष चमन यादव, यूथ विंग जिला अध्यक्ष खिरोद पटेल, धमतरी जिला अध्यक्ष विनोद सचदेवा, यूथ विंग जिला अध्यक्ष ललित नागर्ची, जिला उपाध्यक्ष तनेश निर्मलकर, जिला महासचिव पुरोहित बंजारे, मधुराम यादव, जिला उपाध्यक्ष गोपालदास वैष्णव, इरफान खान, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मिलासिनी सिंह, पिथौरा ब्लॉक अध्यक्ष एम.डी. सागर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।










