
छोटी छेगांव के वेयरहाउस तुलाई केंद्र पर किसानों की समस्याओं को लेकर उठी आवाज़

किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सोनू गुर्जर ने कलेक्टर से समस्याओं के निराकरण की करी मांग
खंडवा/
खंडवा जिले के छोटी छेगांव स्थित वेयरहाउस में बने तुलाई केंद्र पर किसानों को मूलभूत सुविधाएं न मिलने का मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि यहां न तो पीने के शुद्ध पानी की व्यवस्था है और न ही भीषण गर्मी से बचने के लिए छाया में बैठने की कोई उचित सुविधा उपलब्ध है।
किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सोनू गुर्जर ने बताया कि जब वे किसानों के बीच पहुंचे तो किसानों ने बताया कि वे पिछले 5 से 6 दिनों से अपनी फसल तुलाई और खरीद के इंतजार में वेयरहाउस पर परेशान हो रहे हैं। लंबी प्रतीक्षा, अव्यवस्था और तेज गर्मी के बीच उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि नियमों के अनुसार तुलाई केंद्रों पर पानी और छाया की व्यवस्था होना अनिवार्य है, लेकिन यहां इन व्यवस्थाओं की कमी से उन्हें समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं।
किसानों ने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि अन्नदाता को शुद्ध पानी और आवश्यक सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि पिछले कई दिनों से फंसी उनकी फसल की तुरंत खरीद सुनिश्चित की जाए, ताकि वे राहत महसूस कर सकें और आगे की परेशानियों से बच सकें।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि स्थानीय किसानों ने प्रशासन से भी त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि तुलाई केंद्र पर व्यवस्थाएं सुधारी जाएं और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। कभी समस्या का हल जल्द ही नहीं हुआ तो सोनु गुर्जर के नेतृत्व में किसान कांग्रेस किसानों के समर्थन में उग्र आंदोलन करेगा।









