
हनुमान जयंती पर खेड़ापति हनुमान का हुआ पंचामृत दुग्धाभिषेक।
रात्रि में आयोजित महा आरती में बड़ी संख्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए उपस्थित।
खंडवा। गुरुवार को राम भक्त हनुमान जयंती महोत्सव बड़े धार्मिक उत्साह के साथ पूरे शहर के हनुमान मंदिरों में मनाया गया। श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव दो दिनों तक आस्था एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय उत्सव के दौरान हनुमान जयंती पर जन्म आरती के साथ ही दोपहर में दुग्धाभिषेक,आरती के साथ आकर्षक श्रंगार किया गया एवं रात्रि में महाआरती के पश्चात आयोजन संपन्न हुआ। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर 1 अप्रैल बुधवार को मंदिर में प्रात: 6.00 बजे से श्री अखंड रामायण पाठ प्रारंभ हुआ, जिसमें महिला मंडल के साथ ही शहर के श्रद्धालुओं व भजन मंडली ने अखंड रामायण पाठ का संगीतमय भजनों के साथ वाचन किया, बालाजी भजन मंडली द्वारा शानदार भजनों की प्रस्तुति दी गई, मनोज जोशी ने संगत की। पुजारी पंडित संतोष शुक्ला ने बताया कि हनुमान जयंती पर प्रात: 6.00 बजे श्री हनुमान जी की जन्म आरती, प्रात: 8.00 से 10.00 बजे तक मंदिर प्रांगण में विश्वशांति एवं सभी के कल्याणार्थ हवन यज्ञ का आयोजन हुआ,जिसमें यजमानों ने आहूतिंया दी। दोपहर 11.00 बजे से भोग आरती के पश्चात हनुमान जयंती का विशेष आकर्षण लघु रूद्राभिषेक हुआ। दोपहर 2.00 से 4, 00 बजे तक पंडित तुषार दवे, नवीन शर्मा एवं 11 पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य श्री हनुमान जी का दूध से महाभिषेक विजय रावका परिवार द्वारा किया गया। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि दो दिवसीय आयोजित कार्यक्रम में पंडित संतोष शुक्ला परिवार द्वारा महोत्सव में सहयोग प्रदान किया गया एवं भव्य भंडारे को आयोजन भी संपन्न हुआ। शाम 5.30 बजे से श्री हनुमानजी की विशेष श्रृंगार आरती एवं रात्रि 8.30 बजे महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मातृशक्ति उपस्थित थी।










