


रिपोर्टर= भव्य जैन
झाबुआ नगर का कॉलेज मैदान, जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग सुबह और शाम टहलने, खेलने एवं व्यायाम के लिए पहुंचते हैं, एक बार फिर चर्चा में है। यहां महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की अच्छी-खासी भागीदारी रहती है, जो अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित रूप से मैदान का उपयोग करते हैं।
स्वच्छता के लिए श्रमदान
नगर के गुड मॉर्निंग क्लब के पुरुष सदस्यों द्वारा मैदान में श्रमदान कर गंदगी और कचरे को साफ किया गया। क्लब के सदस्य नियमित रूप से यहां एक्सरसाइज, योगा और रनिंग करते हैं और समय-समय पर मैदान की साफ-सफाई कर इसे स्वच्छ बनाए रखने में योगदान देते हैं।
साफ-सुथरा वातावरण होने से यहां आने वाले लोगों का ध्यान योग और व्यायाम में अधिक केंद्रित रहता है, साथ ही मच्छरों और गंदगी से भी राहत मिलती है।
स्वास्थ्य के लिए जरूरी है नियमित व्यायाम
विशेषज्ञों के अनुसार सुबह उठकर मैदान में घूमना, व्यायाम करना और योग करना शरीर को स्वस्थ रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे शुगर, बीपी जैसी कई बीमारियों से बचाव संभव है और व्यक्ति लंबे समय तक फिट रह सकता है।
डॉक्टर का संदेश
प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. किराड़ ने संदेश देते हुए कहा—
“नियमित व्यायाम, योग और सुबह की सैर हृदय को स्वस्थ रखने के सबसे सरल और प्रभावी उपाय हैं। यदि हम रोज़ाना कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करें, तो हृदय रोगों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।”
शाम होते ही बढ़ती समस्या
जहां एक ओर सुबह का वातावरण स्वास्थ्यवर्धक और सकारात्मक रहता है, वहीं शाम होते ही मैदान का माहौल बदल जाता है। यहां नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है। ये लोग योग पॉइंट के पास बनी बेंचों पर बैठकर शराब और सिगरेट का सेवन करते हैं तथा वहां घूमने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं, जिससे असुरक्षा का माहौल बनता है।
प्रशासन से मांग
स्थानीय नागरिकों और क्लब के सदस्यों ने प्रशासन एवं पुलिस विभाग से मांग की है कि शाम के समय नियमित गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि मैदान में आने वाले लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
स्वच्छता और सुरक्षा दोनों जरूरी हैं, तभी शहर का यह मैदान स्वस्थ जीवन का सच्चा केंद्र बन पाएगा।
मेंटेनेंस मांग रही ओपन जिम की मशीने
कॉलेज मैदान पर प्रशासन द्वारा अलग अलग दो जगह पर महिलाओं एवं पुरुषों के व्यायाम करने के लिए ओपन जिम की मशीन लगवाई गई थी
किंतु समय बीतने के साथ-साथ मशीन अब मेंटेनेंस मांग रही है गुड मॉर्निंग क्लब की महिला एवं पुरुष क्लब के सदस्यों ने प्रशासन से मांग की है कि वह समय-समय पर इन मशीनों का मेंटेनेंस करवा कर उसे दुरुस्त करने की कृपा करें








