
*सनावद सुपर फास्ट पैसेंजर को ओंकारेश्वर रोड तक विस्तार देने की मांग*
*ओंकारेश्वर दर्शनार्थियों को होगा लाभ*
*खंडवा इंदौर ब्रॉडगेज कार्य को युद्ध स्तर पर किए जाने की मांग*
*जनमंच ने विभिन्न मांगों को लेकर रेलमंत्री को किया मेल*
खण्डवा//
खंडवा की सामाजिक संस्था जनमंच के सदस्यों ने रेलमंत्री को मेल और ट्वीट करके सनावद ट्रेन का ओंकारेश्वर रोड स्टेशन तक विस्तार करने की मांग की हे।मांग को लेकर जनमंच सदस्यों ने प्रधानमंत्री और रेलमंत्री को मेल किए हैं।जनमंच सदस्यों ने बताया कि
तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन तक ब्रॉडगेज रेल लाइन का कार्य लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व पूर्ण हो चुका है, लेकिन रेलवे विभाग अभी तक खंडवा-सनावद मेमू ट्रेन का आवागमन ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन तक शुरू नहीं करवा सका है। जबकि क्षेत्रवासी बड़ी बेसब्री से मेमू ट्रेन का संचालन ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन तक करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
निमाड़ क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आगामी सिंहस्थ- 2028 के पूर्व ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन भोपाल और भुसावल से जुड़ जाएगा। ताकि उत्तर और दक्षिण भारत से आने वाले तीर्थ यात्री सुगमतापूर्वक तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर और जैन तीर्थ सिद्धवरकूट आवागमन कर सकें। जनमंच सदस्यों ने बताया कि गत 15 जुलाई 2024 को सनावद रेलवे स्टेशन से ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन के बीच
नव स्थापित ब्रॉडगेज रेलवे लाइन पर ट्रेन को 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाकर रेलवे ट्रेक का सफलतापूर्वक परीक्षण (सीआरएस) किया जा चुका है।सफल परीक्षण के बाद रेलवे विभाग ने ब्रॉडगेज रेल लाइन को ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन तक ट्रेन संचालन का सुरक्षा क्लियरेंस दे दिया है।लेकिन डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी मेमू ट्रेन का ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन तक आवागमन शुरू नहीं किया जा सका है। खंडवा जनमंच और निमाड़ मालवा रेल विकास समिति के चंद्र कुमार सांड, अनुराग बंसल कमल नागपाल, सुनील जैन,गणेश कानडे, धीरेन्द्र सिंह, डॉ.राजेंद्र पलोड़,ओमप्रकाश बंसल,राकेश गेहलोत आदि ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व वर्तमान महाप्रबंधक ने समिति सदस्यों को बताया था कि ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक निर्माण कार्य किया जा रहा है और कार्य पूर्ण होने में लगभग तीन माह का समय लगेगा।इसके पश्चात ही मेमू ट्रेन ओंकारेश्वर रेलवे स्टेशन पर आ सकेंगी। लेकिन पश्चिम रेलवे ने हमेशा की तरह अपने लापरवाही के रिकार्ड को कायम रखते हुए डेढ़ वर्ष से अधिक का समय निकाल दिया।लेकिन अभी तक यात्रियों को ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन की सुविधा प्राप्त नहीं हो पा रही हैं। रेलवे स्टेशन पर लगभग सभी आवश्यक निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं।लेकिन रेल विभाग जनप्रतिनिधियों द्वारा मांग उठाए जाने का रास्ता देख रहा है कि जनप्रतिनिधि मांग करें तो 6 ट्रेन चलाने पर विचार किया जा सकता है।जनमंच सदस्यों ने बताया कि चूंकि इंदौर से खंडवा तक ब्रॉडगेज कन्वर्जन का कार्य वर्ष 2014 में पूर्ण हो जाना था।लेकिन निर्धारित समय से 10 वर्ष बीत जाने के बाद वर्ष 2024 भी निकल गया है। लेकिन रेल विभाग अभी तक महू से चोरल के बीच ब्रॉडगेज कार्य से जुड़े कार्यों के टेंडर भी जारी नहीं कर पाया है।सामाजिक संगठन जनमंच के चंद्र कुमार सांड,सुनील जैन,अनुराग बंसल और कमल नागपाल,ने कहा कि यदि इंदौर तक ब्रॉडगेज निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर हो तो आगामी उज्जैन सिंहस्थ-2028 तक खंडवा-इंदौर ब्रॉडगेज रेल लाइन की सुविधा क्षेत्रवासियों को मिल सकती है।लेकिन अभी तक ओंकारेश्वर रोड स्टेशन पर
मात्र एक ट्रैक ही डाला गया है।सांसद ज्ञानेश्वर पाटील द्वारा सुझाव देने के पश्चात भी पिटलाइन और यार्ड अथवा वॉशिंग सुविधा आदि का प्रावधान नहीं किया गया है।तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग को दृष्टिगत रखते हुए रेलवे स्टेशन पर चार अतिरिक्त प्लेटफार्म की आवश्यकता है, ताकि यहां से नियमित ट्रेन चलाई जा सके। लेकिन रेलवे विभाग ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन को टर्मिनस या जंक्शन बनाने में रुचि नहीं दिखा रहा है। इसी तरह सनावद में पूर्व में मीटरगेज रेल लाइन के समय सनावद रेलवे स्टेशन पर पांच सौ मुसाफिरों की क्षमता वाला यात्री प्रतीक्षालय तथा एक वेटिंग रूम हुआ करता था, लेकिन रतलाम रेल डिवीजन ने ब्रॉडगेज के नए सनावद रेलवे स्टेशन को यात्री प्रतीक्षालय और वेटिंग रूम की सुविधाओं से वंचित कर दिया है।सदस्यों ने रेल विभाग से सनावद में भी यात्री प्रतीक्षालय की मांग की हे। जनमंच सदस्यों और निमाड़ मालवा रेल विकास समिति सदस्यों चंद्र कुमार सांड,अनुराग बंसल, धीरेंद्र सिंह गणेश कानडे,राजेंद्र पलोड, ओम प्रकाश बंसल ,राकेश गहलोत आदि की उपस्थिति में विगत दिवस एक बैठक सनावद में भी हुई जिसमें खंडवा इंदौर गेज कन्वर्जन कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर सिंहस्थ 28 के पूर्व पूरा करने की माँग रेल मंत्री से की। इस आशय के मेल प्रधान मंत्री और रेलमंत्री को भेजे गए।











