
गांव के अखाड़े से अंतरराष्ट्रीय मंच तक।
बोरगांव खुर्द के उदित पटेल अल्बानिया में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व।
खंडवा। मिट्टी के अखाड़े में पसीना बहाने वाला एक साधारण किसान परिवार का बेटा अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का दम दिखाने जा रहा है। ग्राम बोरगांव खुर्द के प्रतिभाशाली पहलवान उदित पटेल का चयन अल्बानिया की राजधानी तिराना में आयोजित द्वितीय क्रम निर्धारण श्रृंखला “मुहम्मद मालो” अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए भारतीय वरिष्ठ दल में हुआ है। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया की खंडवा जिले में प्रतिभाएं बिना शासकीय प्रशिक्षण के अपनी कला के माध्यम से अपनी विद्या को अपने हुनर के माध्यम से प्रदर्शित करते हुए खंडवा का नाम देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं कुश्ती के क्षेत्र में चाहे बालक हो या बालिका प्रदेश देश ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल प्राप्त कर रही है। खंडवा के छोटे-छोटे पहलवान लगातार प्रदेश एवं राष्ट्रीय लेवल के मेडल
प्राप्त कर रहे हैं हर्ष का विषय है कि बोरगांव खुर्द के उदित पटेल जो अपने गुरु जगदीश पटेल मंगल यादव से प्रशिक्षण प्राप्त कर विदेश की भूमि पर अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन करेंगे। सुनील जैन ने बताया की किग्रीको रोमन 60 किलोग्राम वर्ग में उदित 26 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। गांव की सादगी और कठिन परिस्थितियों में अभ्यास करते हुए उदित ने यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। उदित पटेल, पिता प्रकाश पटेल, ने पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने सीनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में रजत पदक अर्जित किया था। अब तक वे विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 9 पदक अपने नाम कर चुके हैं। उनकी सफलता के पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण रहा है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन उदित ने यह साबित कर दिया कि यदि संकल्प मजबूत हो तो संसाधनों की कमी भी राह नहीं रोक सकती। गांव में उनके चयन की खबर पहुंचते ही उत्साह का वातावरण है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्यप्रदेश के संचालक श्री अंशुमान यादव ने उदित को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उदित अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
अब सबकी निगाहें तिराना में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां गांव का यह बेटा भारत की ओर से अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन करेगा।






