
झाबुआ।
वयं गुरुकुलम में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में अपनी मातृभाषा के प्रति जागरूकता एवं सम्मान की भावना विकसित करने हेतु विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक व रचनात्मक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर विशेष रूप से प्रश्न मंच (क्विज प्रतियोगिता) का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों से अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के महत्व, उद्देश्य एवं इतिहास से संबंधित अनेक रोचक प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर देकर अपनी समझ और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान मातृभाषा में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सभी ने अपनी मातृभाषा में हस्ताक्षर कर उसे सम्मान देने का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा से जोड़ना, उसकी महत्ता को समझाना तथा भाषाई विविधता के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम ने सभी सहभागियों में सकारात्मक ऊर्जा एवं गौरव की अनुभूति कराई।









