महाशिवरात्रि पर भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा
—
खण्डवा//महाशिवरात्रि का पर्व 15 फरवरी को मनाया जाएगा। ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान एवं ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री ऋषव गुप्ता ने खण्डवा-इन्दौर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करने के सम्बंध में आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश अनुसार 14 फरवरी को सुबह 6 बजे से 16 फरवरी को रात्रि 12 बजे तक बुरहानपुर-खण्डवा से इन्दौर की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए देशगांव से खरगोन वाया कसरावद-खलघाट महू होते हुए इन्दौर के लिए रूट डायवर्ट रहेगा। इसी तरह इन्दौर से खण्डवा बुरहानपुर जाने वाले भारी वाहन महू से खलघाट कसरावद खरगोन वाया भीकनगांव से देशगांव होते हुए खण्डवा-बुरहानपुर की ओर जाएंगे। इस इस प्रतिबंधात्मक आदेश से दुग्ध वाहन, स्वास्थ्य सेवाओं में लगे वाहन, पुलिस वाहन, फायर ब्रिगेड, पानी के टैंकर, आर्मी के वाहन, विद्युत प्रदाय कार्य में लगे वाहन, एलपीजी व पेट्रोलियम सम्बंधी वाहन, कृषि उपज मंडी में सब्जी ले जाने वाले वाहन तथा यात्री बसें जैसे आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को मुक्त रखा गया है।












