
*महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव की अध्यक्षता में जल प्रदाय विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न*
खण्डवा//महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव की अध्यक्षता में जल प्रदाय विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत, प्रभारी कार्यपालन यंत्री श्रीमती वर्षा घिड़ोडे, सहायक यंत्री श्री राजेश गुप्ता, सहायक जनसंपर्क अधिकारी गौरव खरे, उपयंत्री श्री संजय शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
*जल वितरण सुधार के उपरांत अनावश्यक बोरिंग बंद करने के निर्देश*
बैठक में महापौर द्वारा निर्देशित किया गया कि जिन क्षेत्रों में जल वितरण व्यवस्था में पर्याप्त सुधार हो चुका है तथा जहां पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंच रहा है, वहां नगर निगम द्वारा संचालित बोरिंग को बंद कराया जाए। यह प्रक्रिया क्षेत्रवार और स्थिति का आकलन करते हुए चरणबद्ध रूप से की जाएगी, ताकि किसी भी क्षेत्र में जल आपूर्ति प्रभावित न हो।
*लीकेज की त्वरित पहचान और मरम्मत पर विशेष जोर*
महापौर ने निर्देश दिए कि शहर का भ्रमण कर सभी जल रिसाव (लीकेज) की सूची तैयार की जाए और उसे एक दिवस के भीतर प्रस्तुत किया जाए। साथ ही एक सप्ताह के भीतर सभी चिन्हित लीकेज की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से जिन पाइपलाइनों का मार्ग नालियों से होकर गुजरता है, वहां अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए गए।
*मोबाइल कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश*
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि मोबाइल कंपनियों से समन्वय स्थापित कर एक व्यवस्था बनाई जाए, ताकि खुदाई कार्य की तिथि एवं स्थान की जानकारी पूर्व में ही नगर निगम को उपलब्ध हो। इससे निगम कर्मचारियों की निगरानी में खुदाई हो सकेगी और जल पाइपलाइनों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
*खुदाई के बाद गड्ढे उसी दिन बंद करना अनिवार्य*
महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की खुदाई के पश्चात गड्ढों को उसी दिन बंद किया जाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को असुविधा न हो और यातायात एवं सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न न हों।













