मुख्यमंत्री डॉ.यादव जन समस्याओं की ऑनलाइन सुनवाई करेंगे
—
खण्डवा//मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव हर माह समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से करके उनका निराकरण करते हैं। इस कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री डॉ. यादव 23 अक्टूबर को अपरान्ह 4.30 बजे से जनसमस्याओं की सुनवाई करेंगे। इस कार्यक्रम में सी.एम. हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत दी जा रही सेवाओं एवं समाधान एक दिवस के विषयों तथा 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की जाएगी।
#कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में इस बार लाडली बहना योजना में राशि भुगतान संबंधी समस्याएं, नवीन राशन कार्ड और पात्रता पर्ची बनवाने के संबंध में समस्याएं, कर्मकार मंडल योजना के तहत श्रमिकों को मिलने वाले लाभ, प्रसूति सहायता योजना, नगरीय निकायों में साफ सफाई, किसानों को खाद बीज उपलब्धता, ग्रामीण व शहरी पेयजल योजनाओं तथा छात्रवृत्ति और शिष्यवृत्ति भुगतान के संबंध में आ रही समस्याओं के संबंध में अधिकारियों से चर्चा कर विस्तार से समीक्षा करेंगे।











