
गैस सिलेंडर फटने से तीन घायल, घर क्षतिग्रस्त
हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर में गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। घटना में दो लड़कियां व एक महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। सभी घायलों को तत्काल कछौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना भाजपा कार्यकर्ता राजू सिंह के घर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, उज्जवला योजना के तहत मिला गैस सिलेंडर लीक हो रहा था, जिसके चलते अचानक उसमें विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि घर की दीवारें और छत का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना पर बघौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया गया कि यह गैस कनेक्शन इंडियन गैस एजेंसी, बघौली द्वारा दिया गया था। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर सिलेंडर फटने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
गांव में अचानक हुए इस हादसे से दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में
जुटी है। रिपोर्ट -Vivek Kumar Gupta










