राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ.यादव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे
—
खण्डवा//मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन खण्डवा के सहयोग से प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के पुण्य स्मरण अवसर पर राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह का दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। संचालक, संस्कृति श्री एन.पी.नामदेव ने बताया कि समारोह के दूसरे दिन 14 अक्टूबर को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण से सुविख्यात गीतकार श्री प्रसून जोशी को अलंकृत किया जायेगा। यह कार्यक्रम सायं 8ः30 बजे से प्रारंभ होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वर्चुअली उपस्थिति में अलंकरण समारोह का आयोजन किया जायेगा। मंत्री जनजातीय कार्य विभाग श्री कुंवर विजय शाह, सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक श्री नारायण सिंह पटेल, विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे एवं विधायक श्रीमती छाया गोविंद मोरे की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
संचालक, संस्कृति श्री नामदेव ने बताया कि संस्कृति विभाग महान गायक कलाकार किशोर कुमार की स्मृति में यह सम्मान वर्ष 1997 से लगातार प्रदान किया जा रहा है। अब तक 27 विभूतियों को इस सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है। इसके अंतर्गत सम्मान स्वरूप 5 लाख रुपये की कर मुक्त राशि एवं सम्मान पट्टिका प्रदान की जाती है। यह सम्मान अभिनय, पटकथा लेखन, गीत लेखन एवं निर्देशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रदान किया जाता है। अलंकरण के बाद मुम्बई के श्री हेमंत कुमार म्यूजिकल ग्रुप, द्वारा किशोर कुमार के गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
2,503 1 minute read












