उत्तराखंड रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, बड़ा हादसा टला
मेरठ, उत्तर प्रदेश: मवाना रोड पर आज सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गणेशपुर गांव के पास सुबह करीब 3:00 बजे, उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। यह बस (यूके 07 पीए 4228) कोटद्वार डिपो से संचालित थी और मेरठ से कोटद्वार के लिए रवाना हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, बस में कई यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि अचानक ड्राइवर से वाहन नियंत्रित नहीं हो पाया और बस दूसरी दिशा में मुड़कर जोरदार टक्कर पेड़ से कर बैठी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला बोनट और सामने का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे के तुरंत बाद बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्रियों को बस के साइड के शीशे तोड़कर बाहर निकलना पड़ा। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। सभी यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आईं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है।
पुलिस ने घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर रात के समय सड़क सुरक्षा और ड्राइवर की सतर्कता पर सवाल खड़े किए हैं।
0 1 minute read










