*श्री गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया*
*खंडवा।* श्री गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल में महान दार्शनिक, शिक्षाविद और भारत के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती को शिक्षक दिवस के रूप में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में भावपूर्ण भाषण दिए तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिनमें गीत, नृत्य एवं नाटिका शामिल थे। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यालय की सह प्राचार्य श्रीमती इंद्रजीत अजमानी, प्रधान पाठिका श्रीमती चरणजीत भाटिया, शिक्षिका श्रीमती राधा सावनेर, श्री राजेश प्रजापति, श्रीमती संगीता पाराशर, श्रीमती पूनम राठौर, श्रीमती स्मिता सोनी एवं अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए डॉ. राधाकृष्णन जी के जीवन, उनकी सादगी, शिक्षा के प्रति समर्पण और राष्ट्र के निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। शिक्षकों ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन हमेशा मानते थे कि शिक्षा ही व्यक्तित्व निर्माण का आधार है और इसीलिए उनकी जयंती शिक्षक दिवस के रूप में मनाई जाती है।इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए पंजाब बाढ़ पीड़ितों की सहायता हेतु सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल शिक्षकों के योगदान का सम्मान करना था, बल्कि विद्यार्थियों में मानवीय संवेदनाओं और समाज सेवा के प्रति जागरूकता पैदा करना भी रहा।
पूरे समारोह में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और शिक्षकों का मार्गदर्शन वातावरण को और अधिक प्रेरणादायी बनाता रहा।










