
उर्वरक व्यवस्था एवं रबी मौसम की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न
—
खण्डवा//
जिले के किसानो को निर्बाध एवं पर्याप्त रूप से उर्वरक की आपूर्ति करने के उद्देश्य से विधायक प्रतिनिधि श्री मुकेश तनवे की अध्यक्षता में कृषि, उद्यानिकी, विपणन संघ तथा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अधिकारियों की बैठक तहसील कार्यालय खण्डवा में मंगलवार को आयोजित की गयी। बैठक मे उप संचालक कृषि श्री नितेश कुमार यादव ने विधायक प्रतिनिधि श्री मुकेश तनवे एवं उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों को वर्तमान में उर्वरक उपलब्धता, उर्वरक आपूर्ति के संबंध में की गई व्यवस्था एवं आगामी रबी फसलों के लिए आवश्यक उर्वरकों की मांग एवं कार्ययोजना के सम्बन्ध में विस्तार से बताया। विधायक प्रतिनिधि श्री मुकेश तनवे ने बैठक में निर्देश दिए कि जिले के किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इसके लिये जिले में सतत निगरानी की जाये तथा शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाये। जिला सहकारी बैंक के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले की दूरस्थ समितियों में आवंटन अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करें । बैठक में जिला विपणन संघ के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले के उर्वरक आवंटन में निजी क्षेत्र कि भागीदारी बढ़ाने, नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड की उर्वरक रैक एवं जिले का उर्वरक आवंटन बढ़ाने हेतु पत्राचार कर प्रयास करें।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री बजरंग बहादुर सिंह ने बैठक में कहा कि किसानों को मिट्टी परीक्षण का महत्व बताएं, और उनके खेतों की मिट्टी के परीक्षण की व्यवस्था करें, ताकि मिट्टी परीक्षण की रिपोर्ट की अनुशंसा अनुसार उर्वरकों का खेतो में उपयोग हो । बैठक के दौरान परियोजना संचालक आत्मा श्री आनंद सिंह सोलंकी, उप संचालक उद्यानिकी श्री अजय चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक श्री अलोक यादव, जिला विपणन अधिकारी विपणन संघ श्रीमती श्वेता सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे ।










