मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्याम नगर में हुई सनसनीखेज वारदात में दादी के जनाजे में चाचा पर फायरिंग करने वाले दो और भतीजों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला तब सामने आया था जब 30 मार्च को 85 वर्षीय सिपरा के अंतिम संस्कार के दौरान पारिवारिक रंजिश के चलते उनके बेटे शाहनजर पर तीन भतीजों ने फायरिंग कर दी थी।
श्याम नगर निवासी सिपरा अपने बेटे गुलजार के साथ रहती थीं, जबकि दूसरा बेटा शाहनजर पुणे में और तीसरे बेटे अनवार कुरैशी का पहले ही निधन हो चुका है। अनवार के तीनों बेटे—जुनैद, समीर और अमीर—अपने चाचा शाहनजर से लंबे समय से विवाद में चल रहे थे।सिपरा की बीमारी के दौरान तीनों ने उनसे हाल तक नहीं पूछा और जब 30 मार्च को उनकी मौत हुई तो जनाजे में शामिल होने पहुंचे। उस दौरान शाहनजर भी पुणे से आए थे। जनाजे के दौरान ओसामा मस्जिद के पास अंतिम दर्शन के समय कहासुनी हो गई।आरोप है कि शाहनजर ने तीनों भतीजों को दादी का चेहरा देखने से मना कर दिया और अपशब्द कहे। इसी बीच तीनों भतीजे—जुनैद, समीर और अमीर—अपने साथी सादिल के साथ पहुंचे और शाहनजर पर फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे लगने से शाहनजर घायल हो गए और मौके पर भगदड़ मच गई।
पुलिस की सुरक्षा में शव को दफनाया गया। मामले में पहले ही जुनैद को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। अब सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार के अनुसार, आरोपी अमीर और सादिल को भी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया
गया।









