आई.टी.आई. खण्डवा में दो दिवसीय औद्योगिक बूटकैम्प हुआ आयोजित
खण्डवा 13 दिसम्बर 2024 – यू.एन.- वूमेन इण्डिया द्वारा वूमेन इमपावरमेंट के लिए संचालित योजना वूमेन इम्पॉवरमेन्ट इन साइन्स, टेक्नोलोजी, इन्जीनियरिंग एण्ड मेथमेटिक्स परियोजना के तहत, खण्डवा के जनजातीय क्षेत्रों के आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों की छात्राओं के लिए 9 और 10 दिसंबर को एक परिवर्तनकारी दो दिवसीय औद्योगिक बूटकैम्प का आयोजन किया गया। शासकीय आई.टी.आई. के प्राचार्य ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आवश्यक कैरियर कौशल, आत्मविश्वास और अवसर प्रदान करना था। इस आयोजन में सुजलॉन, पे नियरबाय, अम्मारा एक्सपोर्ट्स, आई टेक, आदित्य बिड़ला कैपिटल और एस्पायर फॉर हर जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के उद्योग जगत के अधिकारियों, और विषय विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम में 170 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और क्षमता निर्माण व कैरियर मार्गदर्शन सत्रों में अपनी भागीदारी दर्ज कराई, जो उनकी रोजगार क्षमताओं को बढ़ाने के लिए डिजाइन किए गए थे। इसके साथ ही, 60 से अधिक छात्राओं ने प्लेसमेंट ड्राइव में भाग लिया, जिसमें से 20 छात्राओं का चयन सुजलॉन, पे नियरबाय और अम्मारा एक्सपोर्ट्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में किया गया। उन्होंने बताया कि यह बूटकैम्प न केवल छात्राओं को उद्योग की अपेक्षाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करने में सहायक रहा, बल्कि उन्हें सार्थक करियर के अवसर भी उपलब्ध कराए। इस आयोजन ने तकनीकी शिक्षा में युवा महिलाओं कों सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
2,512 1 minute read











