
थाना स्तरीय साइबर हेल्प डेस्क के अधिकारी-कर्मचारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

सायबर अपराधों पर प्रभावी रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने पर दिया जोर
वर्तमान समय में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधियों की धरपकड़ तथा पीड़ितों की राशि वापस दिलाने के उद्देश्य से थाना स्तर पर गठित साइबर हेल्प डेस्क को और अधिक सशक्त बनाने के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में थाना स्तरीय साइबर हेल्प डेस्क पर पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों के साथ नवप्रशिक्षित आरक्षकों ने भी हिस्सा लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य हेल्प डेस्क के कार्यों को प्रभावी बनाना तथा नवीन पदस्थापित कर्मचारियों को साइबर अपराध से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी देना रहा।
इस दौरान NCRP, MRM, GRM एवं CEIR पोर्टल के विधिवत संचालन एवं उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों-कर्मचारियों को साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए Golden Hour में दर्ज करने और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में शिकायत प्राप्त होने के बाद की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई, पोर्टल के माध्यम से जानकारी दर्ज करने तथा पीड़ितों को राहत दिलाने की प्रक्रिया के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र नरवरिया सहित साइबर सेल एवं CCTNS शाखा की टीम उपस्थित रही। अधिकारियों ने थाना स्तर पर साइबर हेल्प डेस्क को अधिक प्रभावी बनाने और आमजन को साइबर अपराधों से बचाव एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।











