माँ तुझे प्रणाम योजना 2026-27 के तहत युवाओं को मिलेगी सीमाओं की अनुभव यात्रा
खरगोन जिले के प्रत्येक विकासखण्ड से 10 युवाओं का होगा चयन
आवेदन 9 से 22 सितंबर तक जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय में होंगे जमा
खरगौन से अनिल बिलवे की रिपोर्ट. ..
08 सितंबर 2026।
राष्ट्रवाद की भावना से ओत-प्रोत मध्यप्रदेश शासन की महत्वपूर्ण पहल “माँ तुझे प्रणाम” योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में युवाओं को भारत की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं की अनुभव यात्रा कराई जाएगी। योजना का उद्देश्य युवाओं में देश की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना तथा सीमा पर तैनात सैन्य बलों की गतिविधियों एवं दिनचर्या से परिचित कराना है। इसके साथ ही प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं भौगोलिक स्थलों से परिचित कराने के लिए भी अनुभव यात्रा का अवसर दिया जाएगा।
योजना के अंतर्गत खरगोन जिले के प्रत्येक विकासखण्ड से 10 युवाओं, जिनमें 5 युवक एवं 5 युवतियां शामिल होंगी, का चयन किया जाएगा। प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर श्रेष्ठ युवाओं का चयन निर्धारित श्रेणियों के आधार पर किया जाएगा। इनमें 01 एनसीसी, 01 एनएसएस, 01 खिलाड़ी, 01 मेधावी छात्र एवं 01 स्काउट श्रेणी के युवक तथा इसी प्रकार युवतियों का चयन किया जाएगा।
योजना के लिए ऐसे युवा पात्र होंगे, जिनकी आयु 31 दिसंबर 2027 तक 15 से 25 वर्ष के बीच होगी। विकासखण्ड स्तर से प्राप्त आवेदनों का जिला स्तर पर सूक्ष्म परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर गठित समिति द्वारा लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा।
अनुभव यात्रा के लिए चयनित युवाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन पत्र के साथ फिटनेस सर्टिफिकेट/चिकित्सा प्रमाण-पत्र, जोखिम प्रमाण-पत्र एवं चरित्र प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। चरित्र प्रमाण-पत्र थाना प्रभारी से प्रमाणित कराया जाना आवश्यक होगा।
आवेदन की अंतिम तिथि एवं स्थान:
युवा अपने आवेदन 09 सितंबर 2026 से 22 सितंबर 2026 तक कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी, खरगोन के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। एक युवा केवल एक ही स्थान की अनुभव यात्रा के लिए जा सकेगा। यदि कोई चयनित युवा अनुभव यात्रा में जाने से असहमति व्यक्त करता है, तो उसे आगामी किसी भी अनुभव यात्रा में भेजा नहीं जाएगा। साथ ही पूर्व में अनुभव यात्रा पर भेजे जा चुके युवाओं का पुनः चयन नहीं किया जाएगा।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए श्री जितेन्द्र हिरवे, समन्वयक, मोबाइल नंबर 98273-50418 पर संपर्क किया जा सकता है।












