
जनसुनवाई में गूंजीं जनता की समस्याएं, विधायक छाया मोरे ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश।

राजपुरा में पेयजल संकट पर तत्काल कार्रवाई, एक सप्ताह में समाधान के निर्देश।
खंडवा पंधाना। विधायक एवं प्रदेश भाजपा की प्रवक्ता छाया गोविंद मोरे ने मंगलवार को पंधाना स्थित विधायक कार्यालय में जनदर्शन एवं जनसुनवाई आयोजित कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं नागरिकों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। राज्यसभा निर्वाचन के लिए भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रम एवं विधायक दल की बैठक में शामिल होने के बाद विधायक छाया मोरे भोपाल से सीधे पंधाना पहुंचीं। विधायक कार्यालय पर पहले से मौजूद क्षेत्रवासियों से उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में तत्काल हस्तक्षेप किया। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान ग्राम राजपुरा से पहुंचे ग्रामीणों ने पेयजल संकट की समस्या उठाई। इस पर विधायक मोरे ने तत्काल ग्राम पंचायत सचिव से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक पाइपलाइन बिछाकर पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान कर जानकारी देने को कहा।
इसके अलावा पंधाना, खीराला, डुलहार, गोरड़िया सहित अन्य गांवों से आए लोगों ने भी सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं रखीं। विधायक मोरे ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक छाया मोरे ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिकों की सुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
जनसुनवाई के दौरान भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र दांगोड़े, पंधाना मंडल अध्यक्ष फकीरचंद कुशवाह सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।











