
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। गुरुवार सुबह पेंड्रा-गौरेला बायपास सड़क पर हुए दर्दनाक हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिलाएं सुशीला वर्मा और बेला कली पंसारी निवासी जोगीडोंगरी रोजाना की तरह सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान सेमरा से जोगीडोंगी के बीच आईटीआई के पास तेज गति से आ रहे एक कैम्पर वाहन क्रमांक MP21G0992 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद अनियंत्रित कैम्पर वाहन सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस से जा टकराया। बताया जा रहा है कि वाहन कोरबा से कटनी कैमूर की ओर जा रहा था। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक और उसका एक साथी मौके से फरार हो गए, जबकि वाहन में सवार परिचालक संतोष यादव गाड़ी में ही फंस गया।
सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर फंसे हुए व्यक्ति को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश में पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










