
मिशन वात्सल्य की जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक संपन्न।
बाल कल्याण समिति के कार्यों की सराहना, कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने दिए निर्देश
खंडवा। कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित मिशन वात्सल्य के क्रियान्वयन संबंधी जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने की। बैठक में जिले में संचालित योजनाओं, बाल देखरेख संस्थाओं एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के प्रकरणों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि समीक्षा के दौरान स्पॉन्सरशिप योजना, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना, मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना तथा पी.एम. केयर योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी ली गई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बाल कल्याण समिति खंडवा द्वारा जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के मामलों में की जा रही त्वरित कार्यवाही, नियमित सुनवाई एवं पुनर्वास प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता और समयबद्ध निर्णय अत्यंत आवश्यक है, और समिति इस दिशा में अच्छा कार्य कर रही है। सुनील जैन ने बताया कि
बैठक में किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि मिशन वात्सल्य के अंतर्गत सभी योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक समय पर पहुंचे तथा विभागों के बीच समन्वय और मजबूत किया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख, जिला पंचायत सीईओ नार्गाजुन बी. गौड़ा, डीएसपी अरविंद चौहान, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी रत्ना शर्मा, सहायक संचालक अजय गुप्ता सहित महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, किशोर न्याय बोर्ड तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बाल संरक्षण से जुड़े सभी मामलों में त्वरित कार्यवाही करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी जरूरतमंद बच्चा शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।










