
जिले में समर्थन मूल्य पर चना पंजीयन प्रारम्भ , किसान 16 मार्च से पहले करवा लें अपना पंजीयन
—
खण्डवा//
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में प्राईस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत ई-उपार्जन पोर्टल पर समर्थन मूल्य पर चना उपार्जन हेतु किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चना पंजीयन की अंतिम तिथि 16 मार्च निर्धारित की गई है। उपसंचालक कृषि श्री नितेश यादव ने बताया कि भारत सरकार द्वारा चना फसल का समर्थन मूल्य 5,875 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसान भाई अपनी नजदीकी समितियों में जाकर पंजीयन करा सकते हैं। इस वर्ष जिले में 72 समिति पंजीयन केन्द्र बनाये गए हैं। इन पंजीयन केन्द्रों पर उपस्थित होकर किसान भाई पंजीयन करा सकते हैं। इन पंजीयन केन्द्रों के अलावा किसान भाई ग्राम पंचायत कार्यालयों, जनपद स्तरीय कार्यालयों या तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्रों पर निःशुल्क तथा एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर, लोकसेवा केन्द्रों एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर सशुल्क व्यवस्था अनुसार पंजीयन करा सकते हैं।
उप संचालक कृषि श्री यादव ने बताया कि पंजीयन के लिए किसान अपनी भूमि संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य फोटो पहचान पत्र लेकर पंजीयन केंद्र पर उपस्थित होकर पंजीयन करा सकते हैं। साथ ही सिकमी, बटाईदार, कोटबार एवं वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन सहकारी संस्था द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्रों पर उपलब्ध होगी। सिकमी, बटाई अनुबंध निर्धारित प्रारूप में पंजीयन केंद्र पर प्रस्तुत करना होगा। वनाधिकार पट्टाधारी किसानों को वन पट्टा एवं सिकमी, बटाईदार किसानों को सिकमी, बटाई अनुबंध दिनांक 2 फरवरी के पूर्व की अवधि का पंजीकृत होने पर ही मान्य किया जाएगा। ऐसे मृत किसान जिनकी भूमि का नामांतरण लंबित है, उनका पंजीयन खाद्य विभाग के जिला आपूर्ति अधिकारी के लॉगिन से किया जाएगा। उप संचालक कृषि ने किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपनी चने की फसल का पंजीयन करा लें।









