
“कुष्ठ रोगी खोज अभियान” के तहत घर घर जाकर किया जा रहा है सर्वे
—
खण्डवा
“कुष्ठ रोगी खोज अभियान” बुधवार से जिले में प्रारंभ किया गया। इस अभियान के तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीम द्वारा घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की खोज के लिए सर्वे कार्य किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से जनसमुदाय में कुष्ठ रोग के प्रति व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा नये रोगियों को खोज कर उन्हें निःशुल्क एम.डी.टी. उपचार से जोड़ने की कार्यवाही की जा रही है, ताकि खण्डवा को कुष्ठ मुक्त जिला बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर घर जाकर कुष्ठ के लक्षणों के आधार मरीजों को चिन्हित किया जा रहा है। कुष्ठ की जाँच और उपचार सुविधा सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है। उपचार का पूरा कोर्स लेने से यह रोग पूरी तरह ठीक हो जाता है और किसी भी तरह की विकृति भी नहीं रहती। संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग सी.एच.ओ. के द्वारा की जायेगी, जिसके बाद सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद पुष्टि होने पर मरीज का उपचार प्रारंभ कर दिया जायेगा।








