ताज़ा ख़बरें

कोर्ट के आदेश पर चार सगे भाइयों समेत 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने पहले पीड़ित पर ही किया मुकदमा पंजीकृत

Hardoi #Uttar-Pradesh

कोर्ट के आदेश पर चार सगे भाइयों समेत 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने पहले पीड़ित पर ही किया मुकदमा पंजीकृत

 

हरपालपुर, हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के सनफरा गांव में प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर हुई मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार सगे भाइयों सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला खेत में बिजली का पोल गाड़ने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार दलवीर उर्फ हरिकिशोर निवासी सनफरा ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि 17 अक्टूबर को वह अपने पुत्र अमित के साथ खेत में मौजूद था। इसी दौरान आरोपियों ने जबरन समरसेविल के लिए विद्युत पोल गाड़ना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान वादी के पुत्र को पकड़कर जान से मारने की नीयत से पीटा गया। बीच-बचाव करने आई वादी की पत्नी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

 

पीड़िता को इलाज के लिए पहले हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सीतापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां कराए गए एक्स-रे में हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। वादी का आरोप है कि आरोपी पक्ष राजनीतिक रूप से प्रभावशाली है, जिसके चलते थाने में उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली।

 

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में हरपालपुर पुलिस ने अनिल, सुभाष चंद्र, नन्हें, धीरू, पंकज, जय जय राम, रामरतन, सोनू, राम लखन और सुनील के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उसकी बहू ने आरोपी पक्ष के खिलाफ प्रधानी का चुनाव लड़ा था और मामूली अंतर से हार गई थी, तभी से रंजिश चली आ रही है।

 

बताया गया कि घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी पक्ष के लोग अमित को पकड़े हुए यह कहते नजर आ रहे थे कि उसके पास तमंचा है। पीड़ित का आरोप है कि अमित के पास कोई तमंचा नहीं था, बल्कि तमंचा आरोपी के हाथ में था। इसके बावजूद पुलिस ने फौरी तौर पर अमित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था।

 

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट को लेकर पीड़ित ने कहा कि उसे न्यायालय पर भरोसा था और अदालत ने आदेश देकर यह साबित कर दिया कि आज भी पीड़ित को कोर्ट से न्याय मिलता है।

 

इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!