ताज़ा ख़बरें

*समाजसेवियों की सतर्कता से बची नवजात बछड़े की जान*

खास खबर

*समाजसेवियों की सतर्कता से बची नवजात बछड़े की जान*

*कुत्तों से बचाने के लिए रातभर करते रहे रखवाली*

खण्डवा।गुरुवार देर रात कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित तापड़िया गार्डन के समीप एक गाय ने बछड़े को जन्म दिया। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि रात के समय क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूम रहे थे, वहीं कड़ाके की ठंड के कारण नवजात बछड़े की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पास ही रहने वाले समाजसेवी नारायण बाहेती, एवं मोहल्ले के राजेश बिढारे ने पूरी रात जागकर बछड़े की रखवाली की। समाजसेवियों ने कुत्तों से बचाव करते हुए गाय एवं बछड़े को ठंड से बचाने हेतु कपड़े ओढ़ाए तथा गाय को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
सुबह होते ही समाजसेवी नारायण बाहेती व सुनील जैन द्वारा गाय के मालिक की तलाश की गई, किंतु कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके पश्चात गौशाला भेजने हेतु गौशाला संचालक रामचन्द्र मौर्य से संपर्क किया गया, जिन्होंने गौशाला में भेजने की स्वीकृति प्रदान की। बछड़े को हाथ ठेले पर रखकर गौशाला ले जाया गया, यह सोचकर कि गाय पीछे-पीछे आ जाएगी, परंतु गाय विपरीत दिशा में भाग गई।
गौशाला पहुँचने पर रामचन्द्र मौर्य ने बताया कि बिना गाय के बछड़े का जीवित रहना कठिन है, अतः गाय को भी लाना आवश्यक है। इस पर समाजसेवी सुनील जैन एवं नारायण बाहेती ने बाजार विभाग के अजय सारसर से संपर्क का प्रयास किया। मोबाइल बंद आने से बाद में महापौर अमृता अमर यादव को सूचना दी गई। महापौर द्वारा पी.ए. अंकुश एवं मनीष पंजाबी के माध्यम से संबंधित विभाग से संपर्क कराया गया।
अजय सारसर एवं संदीप यादव के सहयोग से बछड़े को गौशाला से पुनः लाकर गाय के पास सुरक्षित स्थान पर रखा गया, जिससे दोनों को संरक्षण मिल सका।
उल्लेखनीय है कि समाजसेवी नारायण बाहेती द्वारा दामोदर गर्ग के सहयोग से लायन्स क्लब खण्डवा के माध्यम से गौशाला में नियमित साप्ताहिक गौ-सेवा भी की जा रही है। यह घटना समाज में संवेदनशीलता, सेवा और मानवीय मूल्यों की प्रेरणादायक मिसाल है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!