बोरगांव पुलिस ने डेढ़ लाख रूपये की झूठी लूट की घटना का किया खुलासा
खंडवा, 19 दिसंबर 2025
दिनांक 18.12.25 के करीबन 10.00 बजे सूचना मिली कि कोहदड मोरी रेल्वे लाईन के पास खंडवा से मक्का की फसल बेचकर आ रहे एक किसान की आंखों में मिर्ची डालकर अज्ञात बदमाशों द्वारा नगदी 1,50,000/-रूपये लूट कर ले गये है। घटना सूचना पर बोरगांव चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रामप्रकाश यादव ने सूचना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को देकर चौकी के बल के साथ घटनास्थल ग्राम कोहदड मोरी के पास रेल्वे अंडर ब्रिज पहुंचे, जहां काफी संख्या में लोग एकत्रित थे, मौके पर घटना के सम्बन्ध मे जानकारी प्राप्त हुई कि गुनाबेडा कोहदड निवासी टंटया ऊर्फ टिकम पिता काशीराम डावर जाति बारेला उम्र 32 साल का खंडवा से मक्का की फसल करीबन 53 क्विटल बेंचकर वापस अपने घर स्वयं की मोटर सायकल से आ रहा था,रात करीबन 09.30 बजे कोहदड मोरी के रेलवे अंडर ब्रिज के पास पहुंचा था कि सामने से एक मोटर सायकल पर सवार 02 व्यक्ति आये और अचानक मोटर सायकल अडाकर अपने पास रखी मिर्ची का पाउडर आंखों में डालकर थैली में रखे नगदी 1,50,000/- रूपये छीनकर भाग गये है। फरियादी किसान को तत्काल डायल-112 से प्राथमिक उपचार हेतु बोरगांव भेजा गया तथा कण्ट्रोल रूम के माध्यम से जिले के सभी थानों एवं आसपास के जिले के थानों को तलाश हेतु बताया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय के मार्गदर्शन मे चौकी प्रभारी बोरगांव द्वारा घटना का बारीकी से निरीक्षण करने पर प्रारंभिक जांच में ही घटना संदिग्ध लग रही थी। फरियादी टंटया ऊर्फ टिकम पिता काशीराम डावर का उपचार करने वाले डॉक्टर जगदीश तंवर से जानकारी प्राप्त करने पर उनके द्वारा बताया गया कि टंटया ऊर्फ टिकम की आंखों में मिर्ची के पाउडर के कण नही पाये गये हैं। इसके बाद टंटया ऊर्फ टिकम डावर को चौकी बोरगांव पर लाकर पूछताछ करने पर सही से अपना जवाब नहीं दे पा रहा था, बार-बार अपने बयान बदल रहा था। हिकमत अमली से पूछताछ करने पर टंटया ऊर्फ टिकम डावर ने बताया कि खेती का कर्जा अधिक होने के कारण कर्जे वालों से बचने के लिए उसने अपने साथ लूट होने की मनगढंत कहानी बनाया था। इस प्रकार चौकी प्रभारी बोरगांव ने एक झूठी लूट की कहानी का खुलासा कर गलत एफ आई आर नहीं होने दिया गया।








