
*क्रिकेट मैच के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का संदेश*
*कलेक्टर श्री गुप्ता रहे “मैन ऑफ द मैच”*
खण्डवा 12 नवम्बर 2025, जिले में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को स्थानीय जिमखाना क्रिकेट मैदान पर कलेक्टर इलेवन एवं एसपी इलेवन के बीच एक मैत्री क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। एसपी इलेवन के कप्तान श्री मनोज राय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। एसपी इलेवन के बल्लेबाजों ने निर्धारित 12 ओवर में कुल 97 रन का स्कोर बनाया। इसके जवाब में कलेक्टर इलेवन के कप्तान श्री ऋषव गुप्ता एवं सहायक कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्णा सुशीर द्वारा शानदार ओपनिंग की गई। कलेक्टर श्री गुप्ता ने लगातार तीन छक्के लगाकर मुकाबले को लगभग एक तरफ़ा बना दिया। कलेक्टर इलेवन द्वारा 9वें ओवर में ही निर्धारित 97 रन का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया। कलेक्टर श्री गुप्ता ने अर्ध शतक लगाया तथा मैच के अंत तक नाबाद रहे। उन्हें इसके लिए “मैन ऑफ द मैच” का अवार्ड भी दिया गया। मैच के बाद कलेक्टर श्री गुप्ता ने उपस्थित सभी खिलाड़ियों एवं दर्शकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।














