
बेटी शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण से होगा ‘आत्मनिर्भर भारत’ का सपना साकार: सुनील पोसवाल
हस्तिनापुर (त्रिलोक न्यूज संवाददाता): महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में ‘विकसित भारत अभियान’ और ‘पर्यावरण संरक्षण’ पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में बेटियों की शिक्षा और पर्यावरण के महत्व पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री व ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जिला प्रभारी, शिक्षाविद् सुनील पोसवाल रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य नीतू सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि संचालन सारिका शर्मा और श्रुति ने किया।
छात्राओं ने लिया हरियाली का संकल्प: कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में हर्षाेल्लास के साथ वृक्षारोपण करके किया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
अपने ओजस्वी संबोधन में शिक्षाविद् सुनील पोसवाल ने छात्राओं और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, “देश को विकसित बनाने और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तीन चीजें अत्यंत आवश्यक हैं:
बेटियों का शत-प्रतिशत शिक्षित होना: शिक्षित बेटियां दो परिवारों को सशक्त करती हैं और देश की प्रगति में निर्णायक भूमिका निभाती हैं।पर्यावरण का संरक्षण: शुद्ध हवा, पानी और हरियाली के बिना कोई भी विकास अधूरा है। हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाना होगा।
स्वदेशी उत्पादों को अपनाना: ‘वोकल फॉर लोकल’ मंत्र को अपनाकर ही हम अपने देश के उद्योगों और कारीगरों को मजबूत बना सकते हैं। सुनील पोसवाल ने आगे कहा कि युवा शक्ति को इन तीनों संकल्पों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा ताकि 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन सके।यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विजन को ज़मीन पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा, जिसने छात्राओं को शिक्षा, पर्यावरण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रति जागरूक किया।








