
इस्लामगंज में चोरों के हौसले बुलंद: पुलिस प्रशासन का डर खत्म, बीज भंडार से उड़ाई नकदी और कीटनाशक दवाइयां
बदायूँ (अलापुर): थाना अलापुर क्षेत्र के इस्लामगंज में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। चोरों ने प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित ‘जय अम्बे बीज भण्डार’ का ताला तोड़कर भारी मात्रा में नकदी और कीटनाशक रसायनों पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित दुकान मालिक योगेश सारस्वत (जगत निवासी) ने बताया कि चोरों ने पहले दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास किया था। शटर न टूटने पर बदमाशों ने ताला तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान के गल्ले में रखी करीब 35,000 रुपये की नगदी और वहां रखे कीमती कीटनाशक रसायनों को चोरी कर लिया।चोरों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए दुकान में लगे वाईफाई सीसीटीवी कैमरों को भी बेरहमी से तोड़ दिया। हालांकि, जल्दबाजी में भागते समय चोरों का एक लाल रंग का अंगोछा घटना स्थल पर ही छूट गया है, जो पुलिस के लिए एक अहम सुराग बन सकता है।
सुबह जब घटना की जानकारी हुई तो इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित व्यापारी ने तुरंत आपातकालीन सेवा डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। योगेश सारस्वत ने थाना अलापुर में लिखित शिकायती पत्र देकर चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और माल बरामदगी की मांग की है। स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।
त्रिलोक न्यूज़ से पंडित मोनू मिश्रा की रिपोर्ट









