
*निगम सभागृह में वैज्ञानिक प्रस्तुति सम्पन्न – जलाशयों के पुनर्जीवन हेतु नैनो बबल टेक्नोलॉजी पर हुई चर्चा*
आज नगर निगम खंडवा के सभागृह में जलाशयों के पुनर्जीवन (Water Body Rejuvenation) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, एम.आई.सी. सदस्यगण, आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत , उपायुक्त श्री एस आर सिटोले सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वैज्ञानिक श्री एस.पी.एस. रंधावा ने नैनो बबल टेक्नोलॉजी विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
*वैज्ञानिक का स्वागत एवं प्रस्तुति*
बैठक का शुभारंभ महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव द्वारा वैज्ञानिक श्री एस.पी.एस. रंधावा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए किया गया।
इसके पश्चात श्री रंधावा ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि किस प्रकार नैनो बबल टेक्नोलॉजी से जल में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाकर जलाशयों को पुनर्जीवित किया जा सकता है।
*विशेष अतिथियों की उपस्थिति*
बैठक में निगम जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के अतिरिक्त सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. अरुण जोशी, रजिस्ट्रार श्री रवि चतुर्वेदी सहित विश्वविद्यालय के प्रोफेसरगण भी मौजूद रहे।
साथ ही पब्लिक एशिया से श्री पुनीत एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री अभिनेश जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
*प्रश्नोत्तर एवं चर्चा*
प्रस्तुति के उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा तकनीक संबंधी प्रश्न पूछे गए, जिनका वैज्ञानिक श्री एस.पी.एस. रंधावा ने विस्तार से उत्तर दिया।
*आगामी संभावनाएँ*
बैठक के अंत में महापौर जी द्वारा यह सुझाव दिया गया कि पदमकुंड, झीलोद्धान एवं नागचून तालाब जैसे प्रमुख जलाशयों में इस तकनीक की उपयोगिता एवं दक्षता का विस्तृत अध्ययन प्रस्तुत किया जाए।
ताकि भविष्य में नगर निगम खंडवा इस प्रकार की तकनीक पर आधारित परियोजनाओं को शहर के जलाशयों में लागू कर सके और जल संरक्षण एवं स्वच्छता की दिशा में नई पहल कर सके।













