
*नगर पालिका निगम खंडवा द्वारा टाउन हॉल पर मिट्टी के गणेश प्रतिमा विक्रय केंद्र का शुभारंभ*
*महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व में परंपरा एवं पर्यावरण संरक्षण की पहल*
खण्डवा//
नगर पालिका निगम खंडवा द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं परंपरागत संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाउन हॉल परिसर में मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के विक्रय केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में माननीय महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, नगर निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा एवं निगम की कार्यकारिणी समिति (MIC) के सदस्यगण – श्री राजेश यादव, श्री सोमनाथ काले, श्री विक्की भानवरे, श्री अनिल वर्मा एवं श्री दीना पवार उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से प्रथम प्रतिमा का पूजन कर इस केंद्र का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने कहा कि “निगम का यह प्रयास न केवल पारंपरिक धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करता है, बल्कि हमारे पर्यावरण को सुरक्षित रखने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। मिट्टी के गणेश का विसर्जन नदियों व तालाबों को प्रदूषित नहीं करता और प्रकृति के संरक्षण में योगदान देता है।”
नगर निगम की IEC टीम के सहयोग से इन गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया गया है। इस पहल में दिव्यांग आश्रम, लाल चौकी के लगभग 400 बच्चों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई है। उनकी मेहनत और रचनात्मकता से बनी इन प्रतिमाओं को नगर निगम परिसर स्थित स्टॉल पर आम नागरिकों के लिए विक्रय हेतु उपलब्ध कराया गया है। निगम प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि इन प्रतिमाओं का मूल्य साधारण नागरिकों की पहुंच में रहे, ताकि अधिक से अधिक लोग मिट्टी के गणेश की स्थापना कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बन सकें।
अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह कार्यक्रम न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने का माध्यम है, बल्कि समाज के विशेष वर्ग जैसे दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने और समाज से जोड़ने का भी एक सुंदर प्रयास है। इस प्रकार की पहल से बच्चों में आत्मविश्वास और आत्मसम्मान दोनों का विकास होता है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी MIC सदस्यों ने भी निगम के इस कदम की सराहना की और नगरवासियों से अपील की कि वे इस बार घरों में मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना करें और स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित खंडवा के निर्माण में सहयोग दें।








