
पर्यटन मंत्रालय की बैठक में सांसद पाटिल ने संसदीय क्षेत्र की प्राचीन धरोहरों को सहजने सवारने की बात रखी।
दिल्ली में आयोजित बैठक में खंडवा के चारों कुंडो के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर भी की चर्चा।

खंडवा। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय की सलाहकार समिति की बैठक में खंडवा लोकसभा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने सहभागिता करते हुए खंडवा संसदीय क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक स्थलों को देशभर के पर्यटकों से जोड़ने का विषय प्रमुखता से उठाया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि खंडवा संसदीय क्षेत्रों में स्थित तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर, खंडवा के प्राचीन चार कुंड, असीरगढ़ का किला, कुंडी भंडारा, राजा जयसिंह की छतरी, जैन मंदिर बहादरपुर, राम झरोखा मंदिर, कबीर मंदिर, स्वामी नारायण मंदिर, जयंती माता मंदिर, पेशवा बाजीराव (प्रथम) का स्मारक, हनुमंतिया टापू जैसे ऐतिहासिक स्थल हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। यह स्थल न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि इनकी प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिकता देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं।साथ ही यह मांग रखी कि इन पर्यटन स्थलों के संरक्षण, विकास और विश्व स्तर पर प्रचार-प्रसार के लिए कोई विशेष परियोजना चलाई जाए। साथ ही, केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे ‘स्वदेश दर्शन’ और ‘प्रसाद योजना’ के अंतर्गत इन स्थलों को शामिल किया जाए। पर्यटन का विकास न केवल क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में सहायक होगा, बल्कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। यह हमारे युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम करने का अवसर देगा।







