समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम 30 जुलाई को
खण्डवा 25 जुलाई, 2025 – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हर माह “समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम” में नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से करके उनका निराकरण करते हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 30 जुलाई को आयोजित “समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम” के तहत जनसमस्याओं की सुनवाई करेंगे। साथ ही सी.एम. हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत दी जा रही सेवाओं एवं समाधान एक दिवस के विषयों तथा 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की समीक्षा करेंगे।
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में इस बार गृह विभाग अंतर्गत अपराधों की विवेचना में विलंब व लापरवाही करने, समय से प्रकरण में न्यायालय में प्रस्तुत नहीं करने जैसे मामलों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश असंगठित शहरी व ग्रामीण कर्मकार कल्याण मण्डल संबल योजना के प्रकरणों, राजस्व विभाग के भूमि के सीमांकन संबंधी मामलों, विद्युत बिल में गड़बड़ी संबंधी शिकायतों, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से संबंधित प्रकरणों, मेडिकल कॉलेजों में प्रसूति सहायता योजना के तहत न्यूनतम राशि न मिलने संबंधी समस्याओं की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव सरपंच, सचिव व रोजगार सहायकों द्वारा योजनाओं का लाभ दिये जाने के लिए अनुचित राशि की मांग संबंधी शिकायतों तथा शिष्यवृत्ति व छात्रवृत्ति संबंधी प्रकरणों की समीक्षा भी करेंगे।
0 1 minute read









