
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
स्टाफ के कर्मचारियों को निगम की शालाओं मे शैक्षणिक कार्य हेतु किया संलग्न
सुचारू कार्य संपादन हेतु निगमायुक्त श्री दुबे नें किया नवीन प्रकोष्ठ का गठन
कटनी – शासन मंशानुरूप नागरिकों को जन्म मृत्यु विवाह पंजीयन की सेवाएं प्रदान करने में हीला हवाली करने तथा नागरिकों से मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लेकर निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे नें शुक्रवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए नगर निगम के जन्म मृत्यु शाखा में रजिस्ट्रार पद पर पदस्थ संजय सोनी को रजिस्ट्रार के दायित्वों से तत्काल मुक्त करते हुए शाखा में पदस्थ अन्य स्टाफ को निगम की शालाओं में शैक्षणिक कार्य करने हेतु आदेशित किया है। निगमायुक्त श्री दुबे द्वारा सख्त रूख अपनाते हुए की गई इस बड़ी कार्यवाही से नगर निगम कर्मचारियों के बीच हड़कंप की स्थिति निर्मित है।
निगमायुक्त श्री दुबे द्वारा योजना एवं सांख्यिकी विभाग अंतर्गत एवं लोक सेवा गारंटी अंतर्गत नगर निगम के जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन संबंधी आवेदन प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण तथा अभिलेखों के संधारण आदि आवश्यक कार्यवाही हेतु नवीन प्रकोष्ठ का गठन किया गया है।
प्रकोष्ठ गठित कर सौंपे गए दायित्व
निगमायुक्त श्री दुबे द्वारा जारी आदेशानुसार सागर नायक सहायक राजस्व अधिकारी को रजिस्ट्रार जन्म मृत्यु विवाह पंजीयन का संपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। वहीं लोक सेवा केन्द्र से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण,जन्म-मृत्यु के अप्राप्यता, जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन समय पर किए जाने हेतु नवीन कर्मचारियों को दायित्व सौंपते हुए उनकी एसओपी निर्धारित की गई है।








