
समस्तीपुर मंडल द्वारा टिकट जांच से वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक ₹15.11 करोड़ की राजस्व प्राप्ति
समस्तीपुर महाप्रबंधक पूर्व मध्य रेल छत्रसाल सिंह एवं प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, पूमरे के आदेश तथा मंडल रेल प्रबंधक एवं वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक समस्तीपुर के दिशा निर्देशन में समस्तीपुर मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2025 – 26 के प्रारंभ से अब तक (01 अप्रैल 2025 से 24 जून 2025) टिकट जांच के माध्यम से 2.35 लाख बिना टिकट यात्रा के मामले पकड़े गये, जिनसे जुर्माने के रूप में ₹15.11 करोड़ की उल्लेखनीय राजस्व प्राप्ति की गई है, जो टिकटिंग व्यवस्था के प्रति मंडल की सजगता और सतत निगरानी का परिणाम है। विशेष रूप से जून माह में मंडल द्वारा मेगा टिकट जांच अभियानों के अंतर्गत बगैर टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। इसके प्रमुख विवरण निम्नानुसार हैं :- दिनांक 24 जून 2025 को सबसे बड़े अभियान में 6,869 मामलों में ₹55.3 लाख की वसूली की गई, दिनांक 17 जून 2025 को 6,575 मामलों में ₹53.1 लाख का राजस्व वसूला गया, दिनांक 10 जून 2025 को चलाए गए विशेष अभियान में 6,383 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹52.5 लाख का राजस्व अर्जित किया गया। इस प्रकार केवल जून माह में ही तीन बड़े अभियानों के माध्यम से कुल 19,827 मामलों में ₹1.70 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई। यह उपलब्धि मंडल के वाणिज्य विभाग एवं टिकट जांच कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण है। रेल प्रशासन सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल यात्रा से पूर्व उचित एवं वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें। बिना टिकट यात्रा करना न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि यह अन्य नियमपूर्वक यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ भी अन्याय है। बिना टिकट यात्रा पर रेलवे द्वारा निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। सभी यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की जाती है, ताकि यात्रा व्यवस्था सुचारू, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनी रहे। यह अभियान अभी आगे भी लगातार चलता रहेगा। कृपया बिना टिकट यात्रा न करें।