
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जनसुनवाई में सुनी नागरिकों की समस्याएं
खंडवा 24 जून 2025 – कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री अरविंद चौहान एवं श्री के आर बडोले, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती निकिता मंडलोई, खंडवा एसडीएम श्री बजरंग बहादुर सहित अन्य विभागों के जिलाधिकारी भी मौजूद थे।
ग्राम दीवाल की सीसी रोड की तत्काल रिपेयरिंग कराने के निर्देश दिये
जनसुनवाई में ग्राम दीवाल के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि जल जीवन मिशन के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल योजना के लिए गांव में पाइपलाइन बिछाने के लिए सीसी रोड खोद दी गई थी, लेकिन अभी तक उसे ठीक नहीं किया गया है जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल ग्राम दीवाल की सीसी रोड को सही कराया जाए।
वृद्ध को भरण पोषण अधिनियम के तहत मद्द दिलाई जाए
जनसुनवाई में खंडवा निवासी पूनमचंद ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर अनुरोध किया कि उसका पुत्र वृद्धावस्था में उसकी देखभाल और पालन पोषण नहीं कर रहा है। जिस पर उन्होंने एसडीएम खंडवा श्री बजरंग बहादुर को भरण पोषण अधिनियम के तहत आवेदक की हर संभव मदद करने के लिए कहा। श्रीमती केसर अहिरवार ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर अनुरोध किया कि वह स्वास्थ्य विभाग से 10 माह पूर्व सेवानिवृत हुई थी, लेकिन अभी तक पेंशन संबंधी कोई भी भुगतान नहीं मिला है। जिस पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवेदिका के सेवानिवृत्ति संबंधी भुगतान करवाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाएं
ग्राम सुदामापुरी निवासी अनीता धुर्वे ने कलेक्टर श्री गुप्ता को जनसुनवाई में आवेदन देकर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के संबंध में अनुरोध किया, जिस पर उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि आवेदिका को आवास प्लस योजना के तहत आवास की सुविधा दिलाई जाए। ग्राम बरूड़ निवासी प्रतीक जैन ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर अनुरोध किया कि उसके आधिपत्य की भूमि पर गांव के ही दिलीप ने कब्जा कर लिया है, जिस पर उन्होंने एसडीएम खंडवा को निर्देश दिए कि आवेदक को उसके हक की भूमि पर कब्जा दिलाया जाए।










