
बैंक ऑफ इंडिया प्रायोजित स्टार स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान खंडवा से मिले प्रशिक्षण से जमुना ने स्वयं का रोजगार किया स्थापित
खंडवा 23 मई, 2025 – यह एक ऐसी युवती की कहानी है जिसने अपने जीवन का मुकाम संघर्ष की सीढ़ियों से चढ़कर हासिल किया ।जमुना ठाकरे एक बहुत ही सामान्य गरीब जनजातीय मजदूर परिवार से है, जमुना के पिता मजदूरी करते थे, परंतु परिवार के पालन पोषण के लिए इतनी आमदनी पर्याप्त नहीं थी। जमुना खेत में मजदूरी कर बड़ी मुश्किल से अपना जीवन-यापन कर रही थी। पिता की हालत देखकर जमुना ने कुछ करने का निर्णय लिया।इसके उपरांत अपने बेहतर जीवन – यापन और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए जमुना ने कई प्रकार के प्रयास किये, परंतु उसे मन चाही सफलता नहीं मिली। एक दिन जमुना को बैंक ऑफ इंडिया प्रायोजित स्टार स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान खंडवा में आयोजित होने वाले विभिन्न स्वरोजगार प्रशिक्षणों के बारे में जानकारी मिली।उसे पता चला की यह सभी प्रशिक्षण पूर्ण रूप से निःशुल्क प्रदान किए जाते हैं। अधिक जानकारी के लिए जमुना ने संस्थान से संपर्क किया। तत्पश्चात संस्थान में आयोजित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्राप्त कुशल तकनीकी ज्ञान एवं मार्गदर्शन से प्रभावित होकर जमुना ने अपना स्वयं का रोजगार स्थापित करने के निश्चय को और अधिक मजबूत किया।प्रशिक्षण के बाद जमुना ने सिलाई का कार्य स्वयं की बचत से शुरू किया। आज जमुना लगभग 6000 से 7000 रूपये महीना कमा कर अच्छे तरीके से अपना एवं अपने पिता के परिवार के पालन पोषण में मदद कर जीवन – यापन कर रही है और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने की दिशा में अग्रसर है। अपनी इस सफलता के लिए जमुना ने संस्थान का आभार व्यक्त किया।










