*इंदौर के माणिक बाग क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा*
*अनियंत्रित इन्नोवा ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, लाइट पोल से टकराई*
इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के माणिक बाग ब्रिज के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। एक तेज रफ्तार इन्नोवा कार (नंबर MP09BE8999) अनियंत्रित होकर कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए लाइट पोल से जा भिड़ी।
घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ लोग घायल हुए हैं, हालांकि किसी की गंभीर स्थिति की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इन्नोवा कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटना के सही कारणों की जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है। पूरे मामले में पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है।








