
किशोर दा की नगरी में सजेगा सुरो का महाकुंभ जन्मदिवस 4 अगस्त को होगी किशोर नाइट।
प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी आयोजित होगी प्रदेश स्तरीय वॉइस ऑफ खंडवा प्रतियोगिता।
किशोर जन्मोत्सव की तैयारियां तेज,संस्कृति मंत्री लोधी ने दी आने की स्वीकृति।
किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच ने भोपाल पहुंचकर सौंपा आमंत्रण।
खण्डवा। देश के महान गायक स्वर सम्राट हरफ़नमौला गायक एवं अभिनेता किशोर कुमार की जन्मस्थली सुरो से सराबोर होने जा रही है। उनके 96वें जन्मदिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच, खण्डवा द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर “वॉयस ऑफ खण्डवा” प्रतियोगिता, किशोर गौरव सम्मान एवं भव्य किशोर नाईट का आयोजन 4 अगस्त को जिला प्रशासन एवं नगर निगम के सहयोग से किया जाएगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभागी अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मंच के अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला के नेतृत्व में सचिव नारायण बाहेती, मंगलेश तोमर, अतुल अत्रिवाल, सुनील जैन, सचिन बाहेती सहित प्रतिनिधिमंडल भोपाल पहुँचा। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग तथा खण्डवा के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र लोधी के जल संवर्धन कार्यक्रम में होने से फोन पर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए अतिथि के रूप में पधारने का आग्रह किया। मंत्री श्री लोधी ने 4 अगस्त को खण्डवा आकर कार्यक्रम में शामिल होने की सहर्ष स्वीकृति प्रदान की।
प्रतिनिधिमंडल ने सहायक व संयुक्त कलेक्टर डॉ. जीवन एस. रजत को कार्यक्रम का आधिकारिक आमंत्रण पत्र सौंपा।
मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि 9 जुलाई को मंच की साधारण सभा आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला करेंगे तथा संरक्षक एवं कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में वॉयस ऑफ खण्डवा, किशोर गौरव सम्मान, किशोर नाईट एवं खण्डवा गौरव दिवस के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी।
मंच के सचिव नारायण बाहेती ने सभी सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नागरिकों से कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की अपील की।











