
छोटा बोरगांव पंचायत में विधायक निधि से निर्मित मुक्तिधाम का विधायक प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण
खंडवा विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत छोटा बोरगांव में विधायक निधि से ₹10 लाख की लागत से निर्मित हो रहे मुक्तिधाम का आज विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तनवे ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए मुक्तिधाम परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का व्यापक पौधारोपण किया जाए, ताकि आने वाले समय में पूरा परिसर हरा-भरा, स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल विकसित हो सके।
तनवे ने पंचायत सचिव को यह भी निर्देशित किया कि मुक्तिधाम के पीछे बह रही नदी से होने वाले मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए समय रहते आवश्यक सुरक्षा एवं अवरोधक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में मुक्तिधाम परिसर को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
इस अवसर पर बलदेव मौर्य, सतनाम सिंह होरा, टिन्ना यादव, डॉ. अजय पटेल एवं बनवारी पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










