ताज़ा ख़बरें

दिव्यांगजनों के लिए 8 से 17 जुलाई तक विकासखंड स्तर पर लगेंगे शिविर

खास खबर

दिव्यांगजनों के लिए 8 से 17 जुलाई तक विकासखंड स्तर पर लगेंगे शिविर

खंडवा//सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम अर्थात एलिम्को, उज्जैन के सहयोग से भारत सरकार की एडीप योजना के अंतर्गत जिले के पात्र दिव्यांगजनों के चिन्हांकन, परीक्षण एव आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए 8 से 17 जुलाई तक विभिन्न विकासखण्डों में परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। परीक्षण शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों का विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीकी टीम द्वारा परीक्षण किया जाएगा। पात्र हितग्राहियों को आवश्यकता अनुसार कृत्रिम अंग ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, व्हील चेयर, सी.पी. चेयर, कैलिपर्स व सहायक कृत्रिम अंग श्रवण यंत्र, बैसाखी, सुगम्य केन, ब्रेल केन फोल्डिंग, स्मार्ट केन, ब्रेल किट, टी.एल.एम. किट ए.डी.एल. किट. स्मार्ट फोन, एम.आर. किट सहित अन्य सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ये सभी शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित होंगे। ये शिविर 8 जुलाई को जनपद पंचायत खण्डवा व नगर निगम खंडवा में, 9 जुलाई को जनपद पंचायत छैगांवमाखन, 10 जुलाई को जनपद पंचायत पंधाना, 13 जुलाई को जनपद पंचायत खालवा, 14 जुलाई को जनपद पंचायत हरसूद, 15 जुलाई को जनपद पंचायत पुनासा, 16 जुलाई को नगर परिषद ओंकारेश्वर तथा 17 जुलाई को जनपदः पंचायत बलड़ी में आयोजित किए जाएंगे। दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर इन शिविरों का लाभ उठाएं।
एडिप योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने हेतु हितग्राहियों को यूडीआईडी कार्ड व 40 प्रतिशत या अधिक का दिव्यांगता प्रमाण पत्र, उपकरण निःशुल्क प्राप्ति के लिए 22500 रूपए या उससे कम मासिक आय होने का आय प्रमाण पत्र या बीपीएल राशन कार्ड, आधार कार्ड समग्र आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।

 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!