
त्रिलोक न्यूज। मंडला। 27 अप्रैल
Order of disciplinary action – 30 हजार से ज्यादा कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की तलवार लटक गई है। मध्यप्रदेश में हड़ताली कर्मचारियों पर यह कार्रवाई की जाएगी। प्रदेशभर में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों, अधिकारियों की हड़ताल चल रही है जिससे स्वास्थ्य सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। ऐसे में हड़ताली कर्मचारियों, अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल के मिशन संचालक द्वारा जारी इस आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। इसे विभाग की कर्मचारियों, अधिकारियों की छंटनी किए जाने की चेतावनी भी माना जा रहा है। हालांकि संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों, अधिकारियों ने हर हाल में अपनी मांगों पर डटे रहने की बात कही है।
स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल का आज पांचवां दिन है। 22 अप्रैल से हड़ताली कर्मचारी, अधिकारी पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश के सभी जिलों में चल रही इस हड़ताल का स्वास्थ्य सेवाओं पर बुरा असर पड़ रहा है। प्रदेशभर के 30 हजार से ज्यादा संविदा कर्मचारी, अधिकारी हड़ताल पर हैं जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं।
संविदा कर्मचारी उनसे किए गए वादों को पूरा नहीं करने से नाराज हैं। मध्यप्रदेश संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ का दावा है कि 32000 कर्मचारी, अधिकारी हड़ताल कर रहे हैं। इनमें आशा कार्यकर्ता और एएनएम भी शामिल हैं।