
*विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर नगर निगम में हुआ आयोजन*

मौन जुलूस निकालकर विभाजन की त्रासदी में दिवंगत नागरिकों को दी श्रद्धांजलि
खंडवा, 14 अगस्त 2026। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नगर पालिक निगम खंडवा प्रांगण में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर अमृता अमर यादव की उपस्थिति तथा अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा एवं मेयर-इन-काउंसिल (MIC) सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों एवं विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम प्रांगण से मौन जुलूस के साथ हुई। जुलूस के माध्यम से विभाजन की त्रासदी में अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।
मौन जुलूस के नगर निगम प्रांगण में वापस पहुंचने के पश्चात वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विभाजन विभीषिका से संबंधित स्मृति एवं विभाजन की त्रासदी को दर्शाने वाले संग्रहों और प्रस्तुतियों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर विभाजन के दर्दनाक इतिहास को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी को उस दौर की परिस्थितियों, विस्थापन और नागरिकों द्वारा झेली गई पीड़ा से परिचित कराने तथा देश की एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।












