

रिपोर्टर = भव्य जैन
झाबुआ नगर के केशव विद्यापीठ में अमर क्रांतिकारी श्री चन्द्रशेखर आजाद की जयंती हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्री-प्राइमरी वर्ग के नन्हे-मुन्ने बच्चे चन्द्रशेखर आजाद की वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका मनीषा डोडियार ने विद्यार्थियों को चन्द्रशेखर आजाद के जीवन, शौर्य, त्याग और बलिदान से परिचित कराते हुए बताया कि भारत की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का परिणाम है। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई 1906 को भाबरा में जन्मे चन्द्रशेखर आजाद बचपन से ही देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत थे। असहयोग आंदोलन के दौरान गिरफ्तारी के समय अदालत में उन्होंने अपना नाम “आजाद”, पिता का नाम “स्वतंत्रता” और पता “जेल” बताया था, जिसके बाद वे पूरे देश में “चन्द्रशेखर आजाद” के नाम से प्रसिद्ध हुए।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती वंदना नायर ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को महान स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा, साहस और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में राष्ट्रप्रेम और अपने इतिहास के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका मनीषा डोडियार ने किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा रहा।












