
*गुरु पूर्णिमा पखवाड़े में गुरु सम्मान, वृक्षारोपण, सृजनात्मक गतिविधियों एवं जनजागरूकता का अनूठा संगम*

खंडवा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रुस्तमपुर में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत विद्यार्थियों में गुरु के प्रति श्रद्धा, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सप्ताहभर विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ “मेरे जीवन में गुरु” विषय पर निबंध प्रतियोगिता से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने जीवन में गुरु के महत्व, संस्कार, मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रभावशाली विचार व्यक्त किए।
इसके पश्चात “एक गुरु–एक वृक्ष” अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपने गुरु को समर्पित पौधारोपण किया तथा पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली और “एक गुरु–एक वृक्ष”, “गुरु का सम्मान, प्रकृति का सम्मान” तथा “पेड़ लगाओ–पर्यावरण बचाओ” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से जन-जन को गुरु सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति एवं गुरु के प्रति श्रद्धा को उत्कृष्ट चित्रों के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की मौलिक सोच और अभिव्यक्ति ने सभी को प्रभावित किया।
विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती श्रद्धा गुप्ता के मार्गदर्शन में सभी गतिविधियाँ सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन एवं रचनात्मक सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें गुरु के आदर्शों का अनुसरण करने, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प निभाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने के लिए प्रेरित किया।











