
खंडवा के पहलवान नीरज पटेल का भव्य स्वागत, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव
खंडवा। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरगांव खुर्द स्थित श्री कृष्ण व्यायामशाला के प्रतिभाशाली पहलवान श्री नीरज पटेल द्वारा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर खंडवा एवं मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने पर उनके खंडवा आगमन के अवसर पर ग्राम बोरगांव खुर्द में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे ने शाल एवं श्रीफल भेंटकर नीरज पटेल का सम्मान किया तथा उनके परिजनों और ग्रामवासियों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधायक श्रीमती तनवे ने कहा कि नीरज पटेल की यह ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल खंडवा और मध्यप्रदेश, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है और यह संदेश देती है कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीरज पटेल भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से देश, प्रदेश एवं खंडवा का नाम निरंतर गौरवान्वित करते रहेंगे।
सम्मान समारोह में ग्राम के गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी, व्यायामशाला के सदस्य, युवा खिलाड़ी सहित लोकेन्द्र गोड़, दुर्गेश शर्मा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।










