उद्योगों की समस्याओं के निराकरण के लिए जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड का पुनर्गठन।
कलेक्टर होंगे अध्यक्ष, महा प्रबंधक सचिव, उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों को भी मिली जिम्मेदारी।
खंडवा। जिले में उद्योगों के समक्ष आने वाली समस्याओं के त्वरित निराकरण और औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, खंडवा द्वारा जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड का पुनर्गठन किया गया है। इस संबंध में खंडवा महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने शासन के निर्देशानुसार आदेश जारी किए हैं। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि
जारी आदेश के अनुसार पुनर्गठित बोर्ड मे अध्यक्षत कलेक्टर खंडवा रहेंगे , जबकि जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उद्योग एवं व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है। शासकीय सदस्यों में नगर निगम आयुक्त, पर्यावरण विभाग के जिला प्रभारी, जिला श्रम अधिकारी, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री, वाणिज्यिक कर अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री तथा एमपीआईडीसी के कार्यपालन संचालक को शामिल किया गया है।
सुनील जैन ने बताया कि बोर्ड में अशासकीय सदस्यों में औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ तपन डोंगरे, ओमप्रकाश अग्रवाल, अभिलाष दीवान, चमन गंगराड़े, जीवन सिंह राठौड़, भारत लाड़ एवं शोभाराम कासिर को सदस्य बनाया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह बोर्ड उद्योगों एवं व्यापारियों की समस्याओं पर नियमित समीक्षा करेगा तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करेगा। इससे जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ लघु एवं मध्यम उद्योगों के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। लघु उद्योग संर्वधन बोर्ड के सभी सदस्यों को भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, मंत्री कुंवर विजय शाह, महापौर अमृता अमर यादव, विधायक कंचन मुकेश तनवे, नारायण पटेल,छाया मोरै, प्रवक्ता सुनील जैन के साथ ही पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई देकर शुभकामनाएं प्रेषित की।











